सांतो डोमिंगो। कैरेबियन देश डोमिनिकन रिपब्लिक से एक बेहद दर्दनाक और रोंगटे खड़े कर देने वाले विमान हादसे की खबर सामने आई है। यहाँ के ला रोमाना अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर टेक-ऑफ और आपातकालीन लैंडिंग की कोशिश के दौरान अमेरिका में रजिस्टर्ड एक प्राइवेट बिजनेस जेट रनवे पर ही क्रैश होकर भीषण आग के गोले में तब्दील हो गया। डोमिनिकन सिविल एविएशन इंस्टीट्यूट और स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस भयानक दुर्घटना में विमान के पायलट और को-पायलट दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान अमेरिकी नागरिक एरिक जेवियर डियागो और रूडी गजल के रूप में की गई है।
इस रोंगटे खड़े कर देने वाले प्लेन क्रैश का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि टेक-ऑफ के ठीक बाद जैसे ही विमान के पहिये रनवे से टकराते हैं, वह पूरी तरह अपना संतुलन खो बैठता है। अनियंत्रित होने के बाद प्लेन तेज रफ्तार में रनवे पर आगे बढ़ते हुए हवा में कई बार खतरनाक तरीके से उछलता है और पलक झपकते ही उसमें एक जोरदार धमाका होता है। एयरपोर्ट पर मौजूद दमकल विभाग की गाड़ियाँ जब तक आग पर काबू पातीं, तब तक पूरा विमान जलकर पूरी तरह खाक हो चुका था। फिलहाल इस हादसे के तकनीकी कारणों की जांच की जा रही है।
