नई दिल्ली। गर्मियों के मौसम में मिलने वाला खट्टा-मीठा जामुन स्वाद और सेहत दोनों के लिए बेहद शानदार माना जाता है। विटामिन C, आयरन, कैल्शियम और पोटैशियम जैसे पोषक तत्वों से भरपूर जामुन ब्लड शुगर कंट्रोल करने और इम्यूनिटी बढ़ाने में रामबाण है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि गलत तरीके या गलत चीजों के साथ इसका सेवन करने से यह सेहत पर भारी पड़ सकता है? स्वास्थ्य विशेषज्ञों और आयुर्वेद के अनुसार, जामुन की तासीर कुछ खास खाद्य पदार्थों के साथ मिलकर पेट में जहर जैसा असर कर सकती है, जिससे गैस, अपच, पेट दर्द और उल्टी जैसी गंभीर समस्याएं हो सकती हैं।

सबसे जरूरी बात यह है कि जामुन खाने के तुरंत बाद कभी भी दूध नहीं पीना चाहिए। इन दोनों का कॉम्बिनेशन पाचन तंत्र को बुरी तरह बिगाड़ देता है, जिससे पेट में भारीपन और कब्ज हो सकती है। जामुन और दूध के बीच कम से कम दो घंटे का अंतर होना जरूरी है। इसी तरह, जामुन के साथ या तुरंत बाद अचार और अत्यधिक नमक वाली चीजों से दूरी बनानी चाहिए, क्योंकि इससे पेट में तेज जलन और एसिडिटी हो सकती है। कई बार लोग जामुन के तुरंत बाद हल्दी वाला खाना खा लेते हैं, जिससे पेट में असहजता बढ़ जाती है। इसके अलावा, सेहतमंद होने के बावजूद जामुन को कभी भी खाली पेट बहुत ज्यादा मात्रा में नहीं खाना चाहिए। एक स्वस्थ व्यक्ति को दिनभर में केवल 100 से 200 ग्राम जामुन ही खाना चाहिए। थोड़ी सी सावधानी रखकर आप इस मौसमी फल का पूरा लुत्फ और सेहत का फायदा उठा सकते हैं।
