ईरान-इजराइल के बीच फिर बढ़ा युद्ध: ईरान के मिसाइल अटैक के बाद इजराइल का तेहरान समेत 4 शहरों पर भीषण पलटवार

Follow Us

यरूशलेम/तेहरान। मिडिल ईस्ट में सीजफायर की कोशिशों को बड़ा झटका लगा है और ईरान-इजराइल के बीच जंग की आग दोबारा भड़क उठी है। रविवार देर रात ईरान ने इजराइल पर ताबड़तोड़ मिसाइलें दाग दीं, जिसके बाद सोमवार तड़के इजराइल ने भी इसका बेहद कड़ा जवाब दिया। इजराइल ने ईरान की राजधानी तेहरान, इस्फहान, तब्रीज और करज समेत कई शहरों के सैन्य ठिकानों पर भारी बमबारी की है। हमलों की भयावहता को देखते हुए ईरान, इराक और सीरिया ने अपने एयरस्पेस बंद कर दिए हैं, वहीं इजराइल ने देश में हाई अलर्ट जारी कर स्कूलों को बंद कर दिया है और अस्पतालों को अंडरग्राउंड बंकरों से काम करने का निर्देश दिया है।

दिलचस्प बात यह है कि इस जवाबी हमले से ठीक पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इजराइली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू से बात कर हमला न करने और शांति समझौते का मौका देने की सलाह दी थी। शुरुआत में नेतन्याहू मान भी गए थे, लेकिन तड़के इजराइल ने इराक के आसमान और भूमध्य सागर से हवाई हमले कर दिए। इस ताजा सैन्य कार्रवाई के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा है कि इस तनाव के बावजूद अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत जारी रहेगी। ट्रंप ने दो टूक लहजे में कहा कि ईरान के साथ जो भी डील होगी, वह नेतन्याहू को माननी ही पड़ेगी क्योंकि आखिरी फैसला नेतन्याहू नहीं बल्कि अमेरिका लेता है।