छत्तीसगढ़ परिवहन विभाग में बड़ी फेरबदल: 200 से अधिक अधिकारी-कर्मचारियों का ट्रांसफर, नारायणपुर-बीजापुर को मिले नए प्रभारी डीटीओ

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ परिवहन विभाग में एक बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए परिवहन आयुक्त कार्यालय ने 200 से अधिक अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादले का आदेश जारी किया है। इस बड़े फेरबदल के दायरे में परिवहन निरीक्षक, उपनिरीक्षक, सहायक उपनिरीक्षक, प्रधान आरक्षक और आरक्षक शामिल हैं। विभाग ने इसे एक नियमित रोटेशन प्रक्रिया बताया है, जिसका उद्देश्य प्रशासनिक कसावट लाना और विभागीय कार्यों में तेजी लाना है।

आदेश के तहत कई जिलों, उड़नदस्ता इकाइयों और प्रमुख चेकपोस्टों जैसे पाटेकोहरा, चिल्फी, रेंगापाली, धनवार और रामानुजगंज में नई तैनातियां की गई हैं। इस फेरबदल में कई अधिकारियों को फील्ड पोस्टिंग से कार्यालयीन जिम्मेदारी दी गई है, तो कुछ को जिला कार्यालयों से उड़नदस्ता टीमों में भेजा गया है।

महत्वपूर्ण बदलावों के तहत, कोरबा उड़नदस्ता में पदस्थ अनूप पटेल को नारायणपुर का प्रभारी जिला परिवहन अधिकारी (DTO) नियुक्त किया गया है। वहीं, सनत कुमार जागड़े को दुर्ग से हटाकर बीजापुर के प्रभारी डीटीओ की कमान सौंपी गई है। इसके अलावा कृष्ण कुमार चौबे को अंबिकापुर से चिल्फी चेकपोस्ट, वैभव शुक्ला को रायपुर से रामानुजगंज चेकपोस्ट और संतोष कुमार झा को नारायणपुर से कोरिया उड़नदस्ता भेजा गया है। विभाग ने सभी को तत्काल प्रभाव से नई जगह पर कार्यभार संभालने के निर्देश दिए हैं।