वैभव सूर्यवंशी ने बताया फाइनल के बाद किस मुद्दे पर हुई चर्चा कोहली के शब्दों ने बढ़ाया हौसला,

Follow Us

आईपीएल 2026 में अपने शानदार प्रदर्शन से क्रिकेट जगत का ध्यान खींचने वाले 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली के साथ हुई अपनी बातचीत को लेकर बड़ा खुलासा किया है। सूर्यवंशी ने कहा कि आईपीएल फाइनल के बाद विराट कोहली से हुई मुलाकात उनके लिए किसी सपने से कम नहीं थी।

‘मुझे लगा जैसे मैं सपना देख रहा हूं’
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2026 फाइनल के बाद कैमरों में कैद हुई विराट और वैभव की बातचीत सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुई थी। मैच के बाद कोहली खुद राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज के पास पहुंचे और उनसे कुछ देर बातचीत की। राजस्थान रॉयल्स के टीम मैनेजर रोमी भिंडर को दिए गए एक इंटरव्यू में वैभव सूर्यवंशी ने उस पल को याद करते हुए कहा, ‘सच कहूं तो जब विराट भैया ने मेरे कंधे पर हाथ रखा, मैं पूरी तरह हैरान रह गया। मैं बचपन से आरसीबी का समर्थक रहा हूं और विराट कोहली का बहुत बड़ा फैन हूं। जब वह मुझसे बात कर रहे थे, तब मुझे सच में लग रहा था कि मैं कोई सपना देख रहा हूं।’ उन्होंने आगे कहा, ‘उन्होंने मुझसे बिल्कुल किसी बड़े भाई की तरह बात की। उन्होंने बताया कि मैं क्या अच्छा कर रहा हूं, किन चीजों में सुधार की जरूरत है और आगे के लिए मुझे किन पहलुओं पर ध्यान देना चाहिए।’

आईपीएल 2026 में रहा ऐतिहासिक प्रदर्शन
वैभव सूर्यवंशी के लिए आईपीएल 2026 का सीजन बेहद शानदार रहा। राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया और कई रिकॉर्ड अपने नाम किए। युवा बल्लेबाज ने सीजन में 776 रन बनाए और उनका स्ट्राइक रेट 237.31 रहा।

विराट कोहली ने क्या दी सलाह?
फाइनल के बाद हुई बातचीत में विराट कोहली ने सूर्यवंशी को उनके शानदार सीजन के लिए बधाई दी। साथ ही उन्हें भविष्य में लगातार बेहतर प्रदर्शन करने, मेहनत जारी रखने और बढ़ती उम्मीदों के दबाव को सही तरीके से संभालने की सलाह भी दी। आरसीबी द्वारा साझा किए गए एक वीडियो में कोहली युवा बल्लेबाज की निडर बल्लेबाजी की तारीफ करते नजर आए थे।

बचपन से विराट के फैन रहे हैं वैभव
सूर्यवंशी ने बताया कि वह बचपन से विराट कोहली और आरसीबी को फॉलो करते रहे हैं। उन्होंने यह भी खुलासा किया कि उनके पास विराट कोहली का ऑटोग्राफ किया हुआ एक कैप भी है। ऐसे में फाइनल के बाद हुई यह बातचीत उनके लिए और भी ज्यादा खास बन गई।

अब टीम इंडिया के लिए खेलेंगे वैभव
आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन का इनाम वैभव सूर्यवंशी को राष्ट्रीय टीम में चयन के रूप में मिला है। युवा सलामी बल्लेबाज को आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ आगामी टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है।आईपीएल में रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन और विराट कोहली जैसे दिग्गज से मिली सीख के साथ अब वैभव सूर्यवंशी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी नई पारी शुरू करने के लिए तैयार हैं। क्रिकेट प्रशंसकों की नजरें अब इस युवा सितारे पर टिकी होंगी।