नई दिल्ली। देशभर में भीषण गर्मी और लू से बेहाल लोगों के लिए राहत भरी खबर है। 4 जून को केरल तट पर दस्तक देने के बाद दक्षिण-पश्चिम मॉनसून ने अपनी रफ्तार पकड़ ली है। केरल में एंट्री के महज 24 घंटे के भीतर मॉनसून तेजी से आगे बढ़ते हुए गोवा, कर्नाटक, तमिलनाडु और अरब सागर के मध्य हिस्सों तक पहुंच चुका है। इन राज्यों में एंट्री के साथ ही कई इलाकों में झमाझम बारिश का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल हैं और अगले 2-3 दिनों में मॉनसून महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश को भी अपने आगोश में ले लेगा।
दूसरी ओर, दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के लोगों को अभी थोड़ा इंतजार करना होगा। दो दिनों की हल्की राहत के बाद दिल्ली, यूपी और राजस्थान में तीखी धूप के साथ उमस भरी गर्मी फिर सताने लगी है। मौसम विभाग के मॉनसून ट्रैकर के मुताबिक, बिहार में 15 जून तक मॉनसून के दस्तक देने की उम्मीद है। इसके बाद 20 जून तक यह उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के अधिकांश हिस्सों को कवर कर लेगा। दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी यूपी में 25 जून तक पहली मानसूनी बारिश की संभावना है, जबकि 30 जून से 5 जुलाई के बीच यह राजस्थान पहुंचेगा। तब तक प्री-मॉनसून बौछारें राहत देती रहेंगी।
