त्यागराज स्टेडियम में गूंजी ‘मेरा भारत युवा’ की हुंकार: सीएम रेखा गुप्ता बोलीं- युवाओं की ऊर्जा और इनोवेशन से ही बनेगा विकसित भारत

Follow Us

नई दिल्ली। दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम में शनिवार को ‘भारत के लिए युवा – मेरा भारत युवा सम्मेलन’ का एक भव्य और प्रेरणादायक आयोजन किया गया। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा आयोजित इस खास कार्यक्रम में देश के कोने-कोने से आए 6,000 से अधिक ऊर्जावान युवाओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने युवाओं में नया जोश भरा। उन्होंने केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया के साथ मिलकर कई युवा प्रतिभाओं को सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

युवा उद्यमियों, खिलाड़ियों, कलाकारों, कंटेंट क्रिएटर्स और यूपीएससी के सफल अभ्यर्थियों को संबोधित करते हुए सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि भारत की यह मेहनती, दूरदर्शी और साहसी युवा शक्ति ही ‘विकसित भारत-2047’ का सबसे मजबूत आधार बनेगी। उन्होंने इस आयोजन की तुलना ‘तारे ज़मीन पर’ से करते हुए कहा कि एक ही छत के नीचे देश की इतनी विविध प्रतिभाओं का जुटना भारत की असीम क्षमता को दर्शाता है। मुख्यमंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए इस बेहतरीन मंच का लाभ उठाकर वे अपने परिश्रम और इनोवेशन के दम पर नई उपलब्धियां हासिल करें, क्योंकि देश की तरक्की ही युवाओं की सफलता में छिपी है।