एएचपी बीएसयूपी कॉलोनी में खुला नया पुलिस सहायता केंद्र, सुरक्षा व्यवस्था होगी और मजबूत

Follow Us

रायपुर। आमजन की सुरक्षा और बेहतर पुलिसिंग व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से कमिश्नरेट पुलिस ने उरला थाना क्षेत्र की एएचपी बीएसयूपी कॉलोनी में नए पुलिस सहायता केंद्र की शुरुआत की है। इसका उद्घाटन पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर ने फीता काटकर और पूजा-अर्चना के साथ किया। उद्घाटन समारोह में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम, सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा, थाना प्रभारी उरला सहित जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मयंक गुर्जर ने कहा कि उरला क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों और आबादी में लगातार वृद्धि हो रही है। क्षेत्रवासियों की मांग और सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त सुझावों को ध्यान में रखते हुए पुलिस सहायता केंद्र की स्थापना की गई है। इससे एएचपी कॉलोनी और आसपास के इलाकों में पुलिस की सतत निगरानी और उपस्थिति सुनिश्चित होगी। सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा ने कहा कि इस केंद्र का उद्देश्य लोगों को उनके निवास क्षेत्र के पास ही त्वरित और बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराना है। नए पुलिस सहायता केंद्र के माध्यम से अपराधों की रोकथाम, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर, आपातकालीन स्थिति में त्वरित कार्रवाई और शिकायतों के शीघ्र निराकरण में मदद मिलेगी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह पहल पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय एवं विश्वास को भी मजबूत करेगी।