फादर्स डे पर सिनेमाघरों में मचेगा धमाल: रिलीज हुआ ‘समर्पित: फादर्स लव’ का इमोशनल पोस्टर, 19 जून को दिखेगा पिता का अनोखा संघर्ष

Follow Us

मुंबई। हिंदी सिनेमा में मां के त्याग और ममता पर तो कई फिल्में बनी हैं, लेकिन पिता के मौन संघर्ष और अनकहे प्यार को बयां करती कहानियां कम ही देखने को मिलती हैं। इसी कमी को पूरा करने और पिता-बेटे के अटूट रिश्ते को बड़े पर्दे पर जीवंत करने आ रही है फिल्म ‘समर्पित: फादर्स लव’। फादर्स डे के खास मौके को और यादगार बनाने के लिए यह फिल्म 19 जून को सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए पूरी तरह तैयार है। हाल ही में इंडियन मोशन प्रिंसिपल्स प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन (अंधेरी) में आयोजित एक भव्य समारोह के दौरान इस फिल्म का फर्स्ट लुक पोस्टर लॉन्च किया गया, जिसने रिलीज होते ही दर्शकों के बीच भारी उत्सुकता जगा दी है।

नायशा फिल्म्स के बैनर तले बनी इस फिल्म का निर्देशन एक्सहान खान ने किया है, जबकि इसकी निर्माता साक्षी यादव हैं। फिल्म के मुख्य किरदार में अंकित यादव नजर आएंगे, जिनके चेहरे पर एक पिता के जीवन का कड़ा संघर्ष पोस्टर में साफ दिखाई दे रहा है। अंकित यादव और निशा अली द्वारा लिखित यह कहानी पिता के उस सुरक्षा चक्र को समर्पित है जो वह बिना किसी शोर-शराबे के अपने परिवार के लिए बुनता है। फिल्म में जया भट्टाचार्य, जावेद हैदर, प्रशिका शर्मा, देव व्यास और मीत वर्मा जैसे दिग्गज कलाकार भी अहम भूमिकाओं में हैं। श्री सिंधु, अग्नि वरण, बिस्वजीत घोष और फराज अहमद के शानदार संगीत से सजी यह फिल्म इस साल दर्शकों को हंसाने, रुलाने और एक नया नजरिया देने का दम रखती है।