खैरागढ़। अवैध पशु परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गण्डई पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर दो भैंसों और एक चार पहिया वाहन को जब्त किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक बिना नंबर की टाटा एस गोल्ड (छोटा हाथी) वाहन में दो कमजोर भैंसों को क्रूरतापूर्वक बांधकर महाराष्ट्र की ओर कत्लखाने ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर ग्राम बिरखा क्षेत्र में घेराबंदी कर वाहन को रोका गया। जांच के दौरान वाहन में दो भैंसें अमानवीय तरीके से बंधी हुई मिलीं। पूछताछ में आरोपियों की पहचान जितेन्द्र धृतलहरे और पीर अली, दोनों निवासी गण्डई के रूप में हुई। पुलिस ने 60 हजार रुपये मूल्य की दो भैंसें और करीब 2 लाख रुपये कीमत की बिना नंबर टाटा एस गोल्ड वाहन जब्त की। कुल 2.60 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया गया। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई। केसीजी पुलिस ने कहा है कि अवैध पशु परिवहन और तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
