नईदिल्ली। दिल्ली का जंतर-मंतर एक अनोखे और उग्र प्रदर्शन का गवाह बना, जहां ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के बैनर तले हजारों युवा सड़कों पर उतर आए। नीट (NEET) पेपर लीक, सीबीएसई बोर्ड, सीयूईटी (CUET) और एसएससी (SSC) जैसी परीक्षाओं में हुई कथित धांधलियों के खिलाफ अभिजीत दीपके के नेतृत्व में यह आंदोलन किया गया। प्रदर्शन की सबसे खास बात यह थी कि छात्र और युवा प्रोफेशनल कॉकरोच के मुखौटे पहनकर और हाथों में फूल लेकर पहुंचे थे। इस अनोखे आंदोलन को अब आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल और शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राउत का बड़ा समर्थन मिला है।

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर युवाओं का पक्ष लेते हुए लिखा कि यह आंदोलन देश के युवाओं के भारी गुस्से और निराशा का इजहार है। उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि छात्रों को ‘देशद्रोही’ कहने के बजाय मोदी सरकार को उनके मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए। केजरीवाल ने आम आदमी पार्टी की तरफ से इन मांगों का पूरा समर्थन किया और प्रधानमंत्री से केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तुरंत बर्खास्त करने की मांग की।

वहीं, संजय राउत ने भी सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि जो युवा हमारे देश के भाग्य-निर्माता हैं, वे चिलचिलाती धूप में सड़कों पर बैठने को मजबूर हैं। नीट पेपर लीक ने लाखों युवाओं का भविष्य बर्बाद कर दिया है, जिसके दर्द में वे खुद को ‘कॉकरोच’ कहकर अपनी आवाज उठा रहे हैं। सरकार इन्हें छोटा समझने की गलती न करे और उनकी मांगें तुरंत सुने। इस प्रदर्शन के जरिए युवाओं ने परीक्षाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही तय करने की पुरजोर मांग की है।
