नई दिल्ली। देश की जीडीपी विकास दर वित्त वर्ष 2025-26 में 7.7 प्रतिशत दर्ज किए जाने पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भारत की आर्थिक प्रगति की पुरजोर सराहना की है। उन्होंने कहा कि यह शानदार प्रदर्शन भारत की आंतरिक मजबूती और उस ठोस बुनियादी ढांचे को दर्शाता है, जिसे पिछले 12 वर्षों में ‘रिफॉर्म, परफॉर्म, ट्रांसफॉर्म’ के मूल मंत्र के जरिए तैयार किया गया है। रक्षा मंत्री ने वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं के बीच भारत के इस प्रदर्शन को बेहद ऐतिहासिक और गौरवशाली बताया है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपनी प्रतिक्रिया साझा करते हुए लिखा कि आज जब दुनिया के कई बड़े देश आर्थिक अस्थिरता के दौर से गुजर रहे हैं, तब भारत वैश्विक स्तर पर सबसे तेज गति से बढ़ने वाली बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में अपनी धाक जमाए हुए है। उन्होंने आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि चालू वित्त वर्ष में देश की विकास दर जहां 7.7 प्रतिशत रही, वहीं चौथी तिमाही में यह रफ्तार और तेज होकर 7.8 प्रतिशत तक पहुंच गई। उन्होंने इसे राष्ट्र-निर्माण के प्रति देशवासियों के साझा प्रयासों का परिणाम बताया।
