वैश्विक संकटों के बीच भारत बनेगा आर्थिक सुपरपावर: पीएम मोदी का ईएसी-पीएम के साथ बड़ा मंथन, दिए आत्मनिर्भरता के मंत्र

Follow Us

नई दिल्ली। वैश्विक अनिश्चितताओं और भू-राजनीतिक तनावों के बीच भारत की आर्थिक रफ्तार को और तेज करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को अपनी आर्थिक सलाहकार परिषद (EAC-PM) के साथ एक बेहद अहम बैठक की। इस बैठक में आम जनता के जीवन को आसान बनाने (Ease of Living) और बिजनेस के लिए बेहतर माहौल (Ease of Doing Business) तैयार करने से जुड़े सुधारों पर गहन मंथन हुआ। परिषद के सदस्यों ने पश्चिम एशिया के संकट और वैश्विक मंदी जैसी चुनौतियों का भारतीय अर्थव्यवस्था पर होने वाले असर का भी आकलन पेश किया।

देश को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर और मजबूत बनाने के लिए पीएम मोदी ने देशवासियों से आयातित ईंधन (Imported Fuel) पर निर्भरता कम करने की अपील की है। उन्होंने इसके लिए कई व्यावहारिक और स्वदेशी विकल्प सुझाए हैं।

प्रधानमंत्री ने नागरिकों से अपील की कि वे जहां संभव हो ‘वर्क फ्रॉम होम’ को प्राथमिकता दें, अनावश्यक विदेशी यात्राओं से बचें और स्थानीय (स्वदेशी) उत्पादों को बढ़ावा दें। इसके अलावा, उन्होंने सार्वजनिक परिवहन (जैसे मेट्रो) का उपयोग बढ़ाने, कारपूलिंग करने, माल ढुलाई के लिए रेलवे का इस्तेमाल करने और इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) को अपनाने पर जोर दिया। पीएम मोदी ने कृषि क्षेत्र में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने और सोने की खरीदारी में संयम बरतने की भी सलाह दी है।