मोरबी/हलवद। गुजरात के मोरबी-हलवद हाईवे पर शुक्रवार रात एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। चरड़वा गांव के पास एक तेज रफ्तार कार और डंपर की भीषण टक्कर में एक ही गांव के पांच युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
यह दर्दनाक हादसा उस समय हुआ जब रणछोड़गढ़ गांव के युवक अपने ही गांव के 24 वर्षीय परेश दहैया को बाइक दुर्घटना में घायल होने के बाद इलाज के लिए कार से अस्पताल ले जा रहे थे। अस्पताल पहुंचने की जल्दबाजी के दौरान, रात करीब 9:30 बजे पेट्रोल पंप के पास एक फैक्ट्री से अचानक निकले डंपर से कार की सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार डंपर के नीचे दब गई।
स्थानीय लोगों ने जेसीबी मशीन की मदद से कार को काटकर घायलों और शवों को बाहर निकाला। हादसे में तीन दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान सुरेश सिहोरा, वीरम दहैया, परेश दहैया, प्रेमजी दहैया और भरत दहैया के रूप में हुई है। घायल प्रकाश और दिलीप दहैया का राजकोट के अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
