लालू-राबड़ी की सुरक्षा कटौती पर रोहिणी आचार्य का फूटा गुस्सा: बिहार सरकार को दी खुली चेतावनी, सुरक्षाकर्मी वापस भेजे

Follow Us

पटना। पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी की सुरक्षा में कटौती किए जाने को लेकर सियासत गरमा गई है। इस फैसले पर लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य बेहद भड़क गई हैं। उन्होंने बिहार सरकार को सीधे तौर पर चेतावनी देते हुए कहा कि अगर उनके परिवार के किसी भी सदस्य को कोई नुकसान पहुंचता है, तो इसके गंभीर अंजाम भुगतने होंगे।

रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर सरकार की नीयत पर सवाल उठाते हुए कहा कि सुरक्षा में यह कटौती परिवार को शारीरिक क्षति पहुंचाने के उद्देश्य से की गई है। उन्होंने साफ किया कि जब सुरक्षा ही घटा दी गई है, तो दिखावे की सुरक्षा रखने का कोई मतलब नहीं है। इसी के विरोध में राबड़ी देवी ने अपने आधिकारिक आवास से बचे हुए सुरक्षाकर्मियों को भी वापस भेजने का फैसला किया।

लालू परिवार की इस नाराजगी का असर जमीन पर भी दिखा। लालू यादव, राबड़ी देवी और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने अपने सरकारी आवासों पर तैनात सभी सुरक्षाकर्मियों को ड्यूटी से हटाकर वापस भेज दिया है। रोहिणी ने जनता से अपील करते हुए कहा कि बिहार के करोड़ों लोग ही लालू परिवार का असली सुरक्षा कवच हैं और इस बदले की राजनीति का मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।