नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट में एक नया इतिहास रचते हुए वैभव सूर्यवंशी को टीम इंडिया में जगह मिली है। महज 15 साल 71 दिन की उम्र में चयनित होकर वह भारतीय टी-20 टीम के सबसे युवा खिलाड़ियों में शामिल हो गए हैं। उन्हें जून-जुलाई में आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ प्रस्तावित टी-20 सीरीज के साथ-साथ सितंबर में होने वाले एशियन गेम्स के लिए टीम में चुना गया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने टी-20 टीम की कप्तानी में भी बड़ा बदलाव किया है। श्रेयस अय्यर को टीम का नया कप्तान बनाया गया है, जबकि तिलक वर्मा को उपकप्तान की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, पूर्व टी-20 कप्तान सूर्यकुमार यादव को इस टीम में शामिल नहीं किया गया है। चयन समिति के इस फैसले के बाद क्रिकेट जगत में नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं। युवा खिलाड़ियों को अवसर देने की रणनीति के तहत टीम में कई बदलाव देखने को मिले हैं।
