रायपुर/सूरजपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर उद्यान विभाग, जिला सूरजपुर द्वारा जिले के समस्त विकास खंडों में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण एवं पौध वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभाग द्वारा मनरेगा से उत्पादित कुल 21,621 फलदार पौधों का निःशुल्क वितरण किया गया। वितरित पौधों में आम, कटहल, अमरूद, जामुन, सीताफल, नींबू, मुनगा (सहजन) एवं पपीता के पौधे प्रमुख रूप से शामिल रहे।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य जिले में हरित आवरण को बढ़ाना, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता विकसित करना तथा ग्रामीण क्षेत्रों में फलदार वृक्षों के माध्यम से अतिरिक्त आय के अवसर उपलब्ध कराना रहा। जिले के विभिन्न ग्राम पंचायतों एवं सार्वजनिक स्थलों पर जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों, स्व-सहायता समूहों तथा विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों की सहभागिता से पौधरोपण किया गया।
इस अवसर पर जिला कलेक्टर रेना जमील द्वारा भी कलेक्ट्रेट परिसर स्थित कलेक्टर गार्डन में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प दिलाया। कलेक्टर ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संतुलन के लिए ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए भी अत्यंत आवश्यक हैं।
उद्यान विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न विकासखण्डों में किसानों एवं ग्रामीणों को फलदार पौधों का वितरण किया गया। ग्राम पंचायत स्तर पर पौधरोपण अभियान चलाकर लोगों को पौधों की देखभाल एवं संरक्षण के लिए प्रेरित किया गया। कई स्थानों पर सामुदायिक भूमि एवं सार्वजनिक परिसरों में भी पौधरोपण किया गया। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित यह अभियान जिले में हरित क्रांति की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। उद्यान विभाग ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे पौधरोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाएं, ताकि पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान को स्थायी सफलता मिल सके।
