दुर्ग। खुर्सीपार थाना क्षेत्र में अवैध कोयला भंडारण और बिक्री के मामले में पुलिस ने एक कारोबारी सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 15.530 टन कोयला जब्त किया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 3 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खुर्सीपार गेट के पास स्थित एक गोदाम में छापेमारी की गई। यहां बड़ी मात्रा में कोयला भंडारित मिला। पूछताछ के दौरान आरोपी विजय केसरवानी ने कोयले की खरीदी-बिक्री से संबंधित जीएसटी बिल प्रस्तुत किए, लेकिन जांच में दस्तावेज फर्जी पाए गए।
आगे की पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह रेलवे और भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) से चोरी किए गए कोयले की खरीद-बिक्री करता था। उसने यह भी बताया कि फर्जी जीएसटी दस्तावेज राजकुमार मिश्रा और सुनील शर्मा की मदद से तैयार किए गए थे। मामले में पुलिस ने विजय केसरवानी, राजकुमार मिश्रा और सुनील शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूरे नेटवर्क और अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच कर रही है।
