झुलसते छत्तीसगढ़ को मिली राहत! बस्तर में प्री-मानसून की दस्तक, रायपुर-बिलासपुर समेत इन शहरों में अगले 5 दिन आंधी-बारिश का अनुमान

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। बस्तर समेत प्रदेश के कई दक्षिणी और उत्तरी इलाकों में प्री-मानसून की झमाझम फुहारें शुरू हो चुकी हैं, जिससे लोगों को चुभती गर्मी से राहत मिली है। पिछले 24 घंटों में ओडगी में सबसे ज्यादा 5 सेमी, कुआकोंडा में 4 सेमी और बड़े बचेली में 3 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। हालांकि, मैदानी इलाकों जैसे बिलासपुर, दुर्ग और राजनांदगांव में अब भी भीषण गर्मी का दौर जारी है, जहां पारा 42 डिग्री सेल्सियस के पार बना हुआ है। बीते कल बिलासपुर 42.2 डिग्री के साथ प्रदेश में सबसे गर्म रहा।

मौसम विज्ञानी एच.पी. चंद्रा के मुताबिक, हवाओं में लगातार आ रही नमी के कारण बस्तर में अच्छी वर्षा हो रही है और मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल हैं। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि राजधानी रायपुर में आज यानी शनिवार को आसमान में बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ राहत की बौछारें पड़ सकती हैं। इसके साथ ही अगले 5 दिनों तक पूरे प्रदेश में एक-दो स्थानों पर अंधड़ चलने, आकाशीय बिजली गिरने (वज्रपात) और हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।