योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, जवाबदेही के साथ काम करें अधिकारी : CM साय

Follow Us

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और जनसमस्याओं का संवेदनशील, पारदर्शी तथा समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। सुशासन तिहार के तहत आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने विकास कार्यों, राजस्व प्रकरणों, पेयजल व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं और खरीफ सीजन की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने एक वर्ष से अधिक समय से लंबित राजस्व मामलों के निराकरण के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश देते हुए कहा कि नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन जैसे प्रकरण सीधे आम नागरिकों के जीवन से जुड़े हैं, इसलिए इनके त्वरित समाधान को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने ग्रीष्मकाल में पेयजल संकट से निपटने के लिए सतत निगरानी और त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही स्वास्थ्य विभाग को वर्षा ऋतु में संभावित मौसमी बीमारियों की रोकथाम और उपचार के लिए अग्रिम तैयारी करने को कहा। खरीफ सीजन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने किसानों को समय पर खाद और बीज उपलब्ध कराने पर जोर दिया। डीएपी उर्वरक की सीमित उपलब्धता को देखते हुए उन्होंने एसएसपी, यूरिया, नैनो यूरिया और नैनो डीएपी जैसे वैकल्पिक उर्वरकों के उपयोग को बढ़ावा देने की बात कही। मुख्यमंत्री ने महिलाओं को आधुनिक कृषि तकनीकों का प्रशिक्षण और वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने पर भी बल दिया, ताकि वे कृषि क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन सकें। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार सरकार और जनता के बीच विश्वास एवं संवाद को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम बन रहा है। बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, सतत निगरानी और प्रशासनिक जवाबदेही सुनिश्चित करने का आह्वान करते हुए कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का आधार सुशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं का सफल क्रियान्वयन है।