मुंबई। मनोरंजन की दुनिया तेजी से बदल रही है। कभी लंबे टीवी शोज और दो-तीन घंटे की फिल्में दर्शकों की पहली पसंद हुआ करती थीं, लेकिन आज डिजिटल दौर में कम समय में ज्यादा मनोरंजन देने वाले ‘माइक्रो-ड्रामा’ का चलन तेजी से बढ़ रहा है। इसी नए और रोमांचक फॉर्मेट में अभिनेत्री नियति फतनानी अपने नए शो ‘बेबी डॉल’ को लेकर चर्चा में हैं। उन्होंने इस नए माध्यम और अपने किरदार को लेकर खुलकर बात की।
नियति फतनानी का मानना है कि कलाकारों के लिए बदलते ट्रेंड के साथ खुद को अपडेट रखना बेहद जरूरी है। वर्टिकल वीडियो और माइक्रो-ड्रामा आने वाले समय में एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री का एक बड़ा हिस्सा बनने वाले हैं। इस फॉर्मेट की सबसे बड़ी खासियत इसकी तेज रफ्तार है, जहां कहानी बहुत कम समय में आगे बढ़ती है और दर्शकों को बांधकर रखती है। एक अभिनेता के रूप में यह अनुभव बेहद रोमांचक है क्योंकि यह कलाकारों को कम समय में अपनी अभिनय क्षमता को निखारने और अलग-अलग तरह के किरदार निभाने का शानदार अवसर देता है।

अपने नए शो ‘बेबी डॉल’ में अपने किरदार के बारे में बताते हुए नियति ने कहा कि वह एक ऐसी संघर्षशील लड़की की भूमिका निभा रही हैं, जो अभिनय की दुनिया में नाम कमाने का सपना लेकर मुंबई आती है। मुंबई जैसे बड़े शहर में पहचान बनाने के लिए उसे रोजमर्रा के खर्चों, कड़े संघर्ष और भारी प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ता है। कहानी में मोड़ तब आता है जब एक एजेंट उसे सफलता का एक आसान रास्ता सुझाता है। हालांकि यह विषय काफी संवेदनशील है, लेकिन इस शो की खासियत यह है कि इसे गंभीरता के बजाय बेहद मजेदार, हास्य और मनोरंजक तरीके से पेश किया गया है। यह शो युवाओं के सपनों, संघर्षों और उनके वास्तविक जीवन की एक खूबसूरत झलक है।
