देश में ग्रीन एनर्जी की नई क्रांति: आज लॉन्च होगा E85 फ्यूल, पेट्रोल के मुकाबले होगी भारी बचत

Follow Us

नई दिल्ली। भारत में साफ और आत्मनिर्भर ऊर्जा की दिशा में आज एक ऐतिहासिक कदम उठाया जा रहा है। केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी आज नई दिल्ली में ‘E85 फ्यूल’ को देश के सामने पेश करेंगे। यह खास ईंधन 80 से 85 फीसदी इथेनॉल और महज 15 से 20 फीसदी पेट्रोल का एक बेहतरीन मिश्रण है, जिसे विशेष रूप से फ्लेक्स-फ्यूल गाड़ियों (FFVs) के लिए तैयार किया गया है।

सरकार का मुख्य उद्देश्य कच्चे तेल के आयात पर निर्भरता कम करना और पर्यावरण को प्रदूषण मुक्त बनाना है। नीति आयोग ने इस इथेनॉल-आधारित तकनीक को ‘जीरो-इमिशन’ यानी शून्य-उत्सर्जन की श्रेणी में रखा है, क्योंकि पारंपरिक पेट्रोल के मुकाबले इससे खतरनाक पार्टिकुलेट मैटर (PM) बेहद कम उत्सर्जित होता है।

इस नई तकनीक की सफलता पूरी तरह आम ग्राहकों की जेब पर निर्भर करेगी। यदि E85 फ्यूल की कीमत सामान्य E20 पेट्रोल से काफी कम रखी जाती है, तो वाहन मालिक ईंधन की इस बचत से मात्र तीन साल के भीतर गाड़ी की अतिरिक्त लागत वसूल कर सकेंगे। मारुति सुजुकी और हीरो मोटोकॉर्प जैसी दिग्गज कंपनियां पहले ही अपनी गाड़ियों के फ्लेक्स-फ्यूल मॉडल बाजार में उतार चुकी हैं।

ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड्स (BIS) ने भी E85 को फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों के लिए मानक ईंधन घोषित कर दिया है। इसे ध्यान में रखते हुए सरकार एक बड़ा नेटवर्क तैयार कर रही है। शुरुआती चरण में दिल्ली-NCR और मुंबई-पुणे-नागपुर रूट पर 50 से 100 फ्यूल स्टेशन खोले जाएंगे। योजना के मुताबिक, साल 2026 के अंत तक इन स्टेशनों की संख्या 500 और 2027 के आखिर तक पूरे देश में लगभग 5,000 करने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखा गया है।