करोड़ों की जमीन और नकदी हड़पने की साजिश का पर्दाफाश, कारोबारी की पत्नी और साला गिरफ्तार

Follow Us

रायगढ़। घरघोड़ा क्षेत्र में करोड़ों रुपये की संपत्ति और व्यवसायिक रकम हड़पने के कथित षड्यंत्र का खुलासा हुआ है। शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने कारोबारी की पत्नी और साले को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। शिकायतकर्ता पिंगल कुमार बघेल ने आरोप लगाया कि उनकी पत्नी सीमा बघेल, साला कृष्ण कुमार यादव और ससुर भरतलाल यादव ने मिलकर उनकी मेहनत की कमाई और संपत्तियों पर कब्जा करने की योजना बनाई। जांच में सामने आया कि व्यवसाय से प्राप्त रकम कथित तौर पर बिना जानकारी के घर से निकालकर साले को दी जाती थी। बैंक खातों की जांच में भी संदिग्ध लेन-देन पाए गए। शिकायत के अनुसार, तमनार क्षेत्र में संभावित मुआवजा और नौकरी वाली भूमि को पत्नी के नाम पर रजिस्ट्री कराने के लिए दबाव बनाया गया। मामले की विस्तृत जांच के बाद पुलिस ने चोरी, धोखाधड़ी, गबन और आपराधिक षड्यंत्र समेत विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सीमा बघेल और कृष्ण कुमार यादव को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।