बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बिलासपुर दौरे के दौरान ‘सुशासन तिहार’ कार्यक्रम में जिले को 134 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की शानदार सौगात दी। सीएम ने कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इसके साथ ही, उन्होंने एक बड़ी घोषणा करते हुए बेलतरा महाविद्यालय का नाम बदलकर स्वर्गीय सखाराम सूर्यवंशी महाविद्यालय करने का ऐलान किया और क्षेत्र में पांच नए मंगल भवनों के निर्माण की मंजूरी भी दी।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने महिलाओं, दिव्यांगों और बुजुर्गों के लिए कई संवेदनशील कदम उठाए। उन्होंने ‘महतारी वंदन योजना’ के तहत प्रदेश की 68 लाख महिलाओं के खातों में 642 करोड़ रुपये से अधिक की 28वीं किस्त ट्रांसफर की। स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए जिला अस्पताल में 4.50 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित अत्याधुनिक सीटी स्कैन मशीन का लोकार्पण किया गया।

इसके अलावा, 80 दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल बांटी गई और पीएम आवास योजना के लाभार्थियों को उनके नए घर की चाबियां सौंपी गईं। सीएम ने एसईसीएल के सीएसआर फंड से बनने वाले बहुउद्देशीय वृद्धाश्रम और दिव्यांग केंद्र की आधारशिला भी रखी।
“सुशासन, तेज विकास और जनकल्याण ही हमारी सरकार की असली पहचान है”- विष्णुदेव साय, मुख्यमंत्री इस गरिमामय कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू और उपमुख्यमंत्री अरुण साव भी मौजूद रहे, जिन्होंने सरकार के इन कदमों को बिलासपुर के चौमुखी विकास के लिए एक मील का पत्थर बताया।
