पीएम मोदी का गुजरात- दमन दौरा, 21 हजार करोड़ से अधिक की परियोजनाओं की देंगे सौगात

Follow Us

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 5 जून, 2026 को गुजरात और दमन के ऐतिहासिक दौरे पर रहेंगे, जहां वे कुल 21,770 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, समर्पण और शिलान्यास करेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार, पीएम मोदी दोपहर में सूरत के हजीरा में औद्योगिक और अवसंरचना कार्यों की समीक्षा करेंगे। इसके बाद, शाम को सूरत में सड़क, बिजली और औद्योगिक विकास से जुड़ी 18,800 करोड़ रुपये की योजनाओं का अनावरण करेंगे, जिसमें वडोदरा-मुंबई एक्सप्रेसवे के प्रमुख पैकेज और आदिवासी क्षेत्रों को स्टैच्यू ऑफ यूनिटी से जोड़ने वाले राष्‍ट्रीय राजमार्ग-56 को फोर-लेन बनाने का शिलान्यास शामिल है। इसके अलावा वे सूरत में 200 बिस्तरों वाले आधुनिक ईएसआईसी अस्पताल का भी उद्घाटन करेंगे।

सूरत के बाद प्रधानमंत्री दमन के लिए रवाना होंगे, जहां वे लगभग 2,970 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात देंगे। पीएम मोदी दमन में नमो हवाई अड्डे के नए टर्मिनल भवन और प्रतिदिन 1,500 मरीजों की क्षमता वाले नमो अस्पताल को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। साथ ही, वे दमन से ही लक्षद्वीप केंद्र शासित प्रदेश के लिए 885 करोड़ रुपये की चार महत्वपूर्ण बंदरगाह परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे। ये सभी परियोजनाएं स्वास्थ्य, उड्डयन, पर्यटन और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होंगी।