जगदलपुर। इंदिरा वार्ड नगर निगम उपचुनाव में कांग्रेस ने एक बार फिर अपना परचम लहराते हुए अपने इस अभेद्य किले को सुरक्षित रखा है। कड़े मुकाबले के बीच कांग्रेस प्रत्याशी रामकृष्ण तिवारी ने भाजपा उम्मीदवार को 436 मतों के भारी अंतर से करारी शिकस्त दी है। इस ऐतिहासिक जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुशील मौर्य ने भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने के लिए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष, बस्तर महाराज और महापौर सहित पूरी सरकारी मशीनरी ने धन, बल और प्रशासनिक तंत्र का खुला दुरुपयोग किया, लेकिन जनता ने उनके अहंकार को नकार दिया।
सुशील मौर्य ने आगे कहा कि वार्ड की जनता के दिलों में आज भी दिवंगत पार्षद रशीद खान की यादें और उनके विकास कार्य जिंदा हैं। मतदाताओं ने रामकृष्ण तिवारी के पक्ष में एकतरफा मतदान कर वास्तव में रशीद खान को अपनी सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित की है। मौर्य ने इस शानदार सफलता का श्रेय संगठन की मजबूती, चुनाव प्रभारियों के कुशल मार्गदर्शन और कार्यकर्ताओं की दिन-रात की कड़ी मेहनत को दिया। नवनिर्वाचित पार्षद और जिला अध्यक्ष ने जनता का आभार जताते हुए विश्वास दिलाया कि वार्ड के विकास की गति को थमने नहीं दिया जाएगा।
