कुरुद। ग्राम पंचायत भैंसबोड की सरपंच गंगा बाई साहू ने अपने सहयोगी पंचों के साथ भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। गुरुवार सुबह कुरुद स्थित विधायक निवास में विधायक अजय चंद्राकर ने सभी का भगवा गमछा पहनाकर पार्टी में स्वागत किया। भाजपा में शामिल होने वालों में पंच संतराम साहू, ज्योति ध्रुवंशी, यशोदा दीवान और विद्या साहू भी शामिल हैं। सभी ने अपनी पुरानी राजनीतिक विचारधारा छोड़कर भाजपा की रीति-नीति और विकास कार्यों से प्रभावित होकर पार्टी का दामन थामा। गौरतलब है कि हाल के दिनों में क्षेत्र के कई सामाजिक और राजनीतिक कार्यकर्ता भाजपा में शामिल हुए हैं। संगठन विस्तार अभियान के तहत भाजपा लगातार नए लोगों को पार्टी से जोड़ने में जुटी हुई है।
