रायपुर में सफाई व्यवस्था पर ब्रेक: भुगतान अटका तो ठेकेदारों ने छोड़ा काम, 70 वार्डों में कचरा संकट के आसार

Follow Us

रायपुर। राजधानी रायपुर की सफाई व्यवस्था एक बार फिर संकट में घिरती नजर आ रही है। लंबे समय से बकाया भुगतान नहीं मिलने से नाराज सफाई ठेकेदारों ने बुधवार से काम बंद कर हड़ताल शुरू कर दी है। इसके चलते नगर निगम क्षेत्र के सभी 70 वार्डों में नियमित सफाई कार्य प्रभावित हो गया है और आने वाले दिनों में कचरा प्रबंधन की समस्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। हड़ताली ठेकेदारों का आरोप है कि, पिछले चार महीनों से उन्हें भुगतान नहीं किया गया है। उनके अनुसार सभी वार्डों के सफाई कार्य के लिए हर महीने करीब चार करोड़ रुपये का भुगतान होना चाहिए, लेकिन कई महीनों से राशि लंबित है।

इसके बावजूद उन्हें सफाई कर्मचारियों का वेतन और अन्य खर्चों का भार उठाना पड़ रहा है। ठेकेदारों का कहना है कि, उन्होंने कई बार नगर निगम प्रशासन से भुगतान जारी करने की मांग की, लेकिन केवल आश्वासन ही मिला। पिछले सप्ताह इस संबंध में निगम प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपा गया था। साथ ही नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी को भी बकाया भुगतान की समस्या से अवगत कराया गया था। गौरतलब है कि, हाल ही में रामकी कंपनी के सफाई कर्मचारियों ने भी अपनी मांगों को लेकर काम बंद किया था। अब ठेकेदारों की हड़ताल ने नगर निगम की सफाई व्यवस्था को नई चुनौती के सामने खड़ा कर दिया है।