कबीरधाम। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह (आईपीएस) ने स्वयं मैदान में उतरकर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने कवर्धा के अंबेडकर चौक पहुंचकर इंटरसेप्टर वाहन का निरीक्षण किया और उसकी कार्यप्रणाली का परीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एसपी धर्मेन्द्र सिंह ने इंटरसेप्टर वाहन में बैठकर आधुनिक तकनीकी उपकरणों की मदद से यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों की पहचान की और उनके खिलाफ ऑनलाइन चालानी कार्रवाई की। इस दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने, सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने तथा अन्य नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की गई। एसपी ने यातायात पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्कूलों, कॉलेजों, सार्वजनिक स्थलों और प्रमुख चौक-चौराहों पर लगातार सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाए जाएं। साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमित और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इस अवसर पर एसपी धर्मेन्द्र सिंह ने कहा कि सड़क दुर्घटनाएं केवल आंकड़े नहीं होतीं, बल्कि कई परिवारों की खुशियां छीन लेने वाली घटनाएं होती हैं। अधिकांश हादसे लापरवाही और यातायात नियमों की अनदेखी के कारण होते हैं। हेलमेट, सीट बेल्ट और अन्य सुरक्षा उपायों का पालन कर कई दुर्घटनाओं और जनहानि को रोका जा सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस का उद्देश्य केवल चालान जारी करना नहीं, बल्कि लोगों को सुरक्षित रखना और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाना है। कबीरधाम पुलिस जिले में सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जागरूकता और प्रवर्तन दोनों स्तरों पर लगातार कार्य कर रही है।
