ट्यूबवेल वायर चोरी का खुलासा: तीन चोर समेत चोरी का माल खरीदने वाला गिरफ्तार

Follow Us

रायगढ़। खेतों में लगे ट्यूबवेल से तांबा केबल वायर चोरी करने वाले गिरोह का पुसौर पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों और चोरी का माल खरीदने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तांबा एवं सिल्वर तार, नगदी राशि तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी पुसौर निरीक्षक हर्षवर्धन बैस के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। जानकारी के अनुसार, पुसौर निवासी उमेश साव ने 31 मई को थाना पुसौर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके खेत स्थित ट्यूबवेल से करीब 50 मीटर तांबा केबल वायर चोरी कर लिया गया है, जिसकी कीमत लगभग 13 हजार रुपये है। शिकायत में यह भी बताया गया था कि क्षेत्र के अन्य किसानों के ट्यूबवेल से भी इसी प्रकार की चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं।

मामले में अपराध क्रमांक 152/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने संदेही अमित सारथी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसने केदारनाथ सारथी के साथ मिलकर ट्यूबवेल से तांबा केबल वायर चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि चोरी के बाद वायर को समीर सतनामी के साथ मिलकर जलाया गया, ताकि तांबा अलग कर उसे बेचा जा सके।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल, नगदी राशि तथा अन्य सामान बरामद किया। आगे की जांच में चन्द्रपुर निवासी दिनेश देवांगन को हिरासत में लिया गया, जिसने चोरी का तांबा और सिल्वर तार खरीदने की बात स्वीकार की। उसके कब्जे से करीब 8 किलो तांबा तार और 2 किलो सिल्वर तार, कुल कीमत लगभग 15 हजार रुपये की सामग्री जब्त की गई। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की है। मामले में आगे की जांच जारी है।

गिरफ्तार आरोपी:

अमित सारथी (24 वर्ष), निवासी पुसौर, रायगढ़।
केदारनाथ सारथी (39 वर्ष), निवासी पुसौर, रायगढ़।
समीर सतनामी (20 वर्ष), निवासी कोड़ातराई, रायगढ़।
दिनेश देवांगन (32 वर्ष), निवासी चन्द्रपुर, जिला सक्ती।

पुलिस ने किसानों से अपने खेतों और ट्यूबवेल परिसरों की सुरक्षा बढ़ाने तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।