ओस्लो। नॉर्वे शतरंज टूर्नामेंट 2026 के सातवें राउंड में भारतीय खिलाड़ियों ने अपने शानदार प्रदर्शन से दुनिया को हैरान कर दिया है। भारतीय ग्रैंडमास्टर प्रज्ञानानंद रमेशबाबू ने क्लासिकल मुकाबले में अलीरेजा फिरोजा को शिकस्त दी, जबकि विश्व चैंपियन डी. गुकेश ने आर्मागेडन मुकाबले में वेस्ली सो को मात देकर कीमती अतिरिक्त अंक हासिल किए। प्रज्ञानानंद ने आत्मविश्वास और सटीक रणनीति के दम पर फिरोजा को टूर्नामेंट की दूसरी क्लासिकल हार का स्वाद चखाया, जिससे शीर्ष स्थान की जंग और रोमांचक हो गई है।
दूसरी ओर, गुकेश और वेस्ली सो के बीच क्लासिकल बाजी बेहद तनावपूर्ण रही और ड्रॉ पर छूटी, लेकिन आर्मागेडन में गुकेश ने बाजी मार ली। विश्व नंबर एक मैग्नस कार्लसन ने भी विंसेंट कीमर से क्लासिकल ड्रॉ खेलने के बाद आर्मागेडन में जीत दर्ज की। सातवें राउंड के बाद वेस्ली सो 12.5 अंकों के साथ सबसे आगे हैं, जबकि फिरोजा 10 अंकों पर हैं। कार्लसन, कीमर और प्रज्ञानानंद 9-9 अंकों के साथ संयुक्त रूप से उनके ठीक पीछे चल रहे हैं।
महिला वर्ग में भी भारत का जलवा रहा, जहां दिव्या देशमुख और कोनेरू हम्पी के बीच क्लासिकल मुकाबला ड्रॉ होने के बाद आर्मागेडन में दिव्या ने काले मोहरों से खेलते हुए हम्पी को हरा दिया। इस जीत से दिव्या 10 अंकों के साथ तालिका में दूसरे स्थान पर मजबूत हो गई हैं। वहीं, दिन का सबसे बड़ा उलटफेर बिबिसारा अस्सौबायेवा ने किया, जिन्होंने झू जिनर को हराकर पूरे 3 अंक बटोरे और 12.5 अंकों के साथ महिला वर्ग में शीर्ष स्थान पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली।
