Jeevansathi.com पर दोस्ती कर महिला को बनाया शिकार, जेवरात चोरी मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

Follow Us

रायपुर। राजधानी रायपुर में ऑनलाइन मैट्रिमोनियल साइट Jeevansathi.com के जरिए महिला से संपर्क कर उसे झांसा देकर जेवरात चोरी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से नगदी, सोने-चांदी के जेवरात और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक खम्हारडीह निवासी महिला की करीब चार महीने पहले Jeevansathi.com के माध्यम से अभिनव सिंह नाम के व्यक्ति से पहचान हुई थी। दोनों के बीच लगातार मोबाइल पर बातचीत होती रही। 15 मई को अभिनव सिंह ने महिला को जन्मदिन की पार्टी के बहाने घर आने की बात कही और दोपहर में उसके घर पहुंचा। दोनों ने साथ में खाना खाया। इसी दौरान आरोपी ने खाने में कुछ मिलाकर महिला को खिला दिया, जिससे वह बेहोश हो गई।शाम को महिला की रूम पार्टनर घर पहुंची, लेकिन वह होश में नहीं आई। अगले दिन होश आने पर महिला ने देखा कि गले की सोने की चेन, अंगूठियां और अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात गायब थे। साथ ही आरोपी भी फरार था। महिला की शिकायत पर खम्हारडीह थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले को गंभीरता से लेते हुए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना खम्हारडीह पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई। पुलिस ने तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज और ऑनलाइन प्रोफाइल के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान एक आरोपी हितिन नरूला को उत्तराखंड के हरिद्वार में पकड़ा गया। उसकी निशानदेही पर मुख्य आरोपी अभिनव सिंह को दिल्ली के पहाड़गंज इलाके से गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी पहले से दोस्त हैं और योजना बनाकर रायपुर पहुंचे थे। अभिनव सिंह महिला के घर गया, जबकि उसका साथी रेलवे स्टेशन पर रुका रहा। महिला को बेहोश करने के बाद आरोपी घर से जेवरात लेकर रेलवे स्टेशन पहुंचा और दोनों वहां से फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 57 हजार रुपये नकद, करीब 2 तोला सोने के जेवरात, चांदी का ब्रेसलेट और पांच मोबाइल फोन जब्त किए हैं। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 4 लाख 21 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी अभिनव सिंह के खिलाफ दिल्ली और उत्तराखंड में पहले से भी चोरी और धोखाधड़ी के कई मामले दर्ज हैं। फिलहाल दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।