नई दिल्ली। भारत में डिजिटल क्रांति की रफ्तार थमने का नाम नहीं ले रही है। नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक, मई 2026 में यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) ने सफलता का एक नया इतिहास रच दिया है। इस अकेले महीने में यूपीआई के जरिए रिकॉर्ड 23.20 अरब ट्रांजैक्शन दर्ज किए गए, जो पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 24 प्रतिशत की भारी बढ़ोतरी को दर्शाता है। आसान, सुरक्षित और तेज होने की वजह से यूपीआई आज देश के हर नागरिक की पहली पसंद बन चुका है।
एनपीसीआई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि मई 2026 के दौरान कुल 29.90 लाख करोड़ रुपए का डिजिटल लेनदेन हुआ, जो पिछले साल से 19 फीसदी ज्यादा है। आंकड़ों पर नजर डालें तो देश में हर दिन औसतन 748 मिलियन ट्रांजैक्शन हुए और रोजाना करीब 96,465 करोड़ रुपए का लेनदेन डिजिटल माध्यम से किया गया। यह साफ दिखाता है कि छोटे दुकानदारों से लेकर बड़े कारोबारियों तक, यूपीआई अब आम जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है।
अगर पिछले महीनों से तुलना करें तो अप्रैल 2026 में 22.35 अरब ट्रांजैक्शन के जरिए 29.03 लाख करोड़ रुपए का लेनदेन हुआ था, जिसमें मई महीने में जबरदस्त उछाल आया है। वहीं मार्च 2026 में यह आंकड़ा 22.64 अरब ट्रांजैक्शन और 29.53 लाख करोड़ रुपए था। लगातार बढ़ते ये आंकड़े गवाही दे रहे हैं कि भारत तेजी से एक कैशलेस और मजबूत डिजिटल अर्थव्यवस्था की ओर कदम बढ़ा रहा है।
