धमतरी में अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई, 5 चैन माउंटेन मशीनें जब्त

Follow Us

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशों के तहत अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत धमतरी जिले में बड़ी कार्रवाई की गई है। खनिज विभाग की केंद्रीय खनि उड़नदस्ता और जिला स्तरीय संयुक्त टीम ने देर रात औचक निरीक्षण कर ग्राम नारी स्थित महानदी क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन का खुलासा किया। निरीक्षण के दौरान मौके पर 5 चैन माउंटेन मशीनें रेत खनन में संलग्न पाई गईं। जब टीम ने दस्तावेजों की जांच की तो किसी भी प्रकार की वैध अनुमति या स्वीकृति प्रस्तुत नहीं की जा सकी। इसके बाद अवैध खनन का मामला दर्ज करते हुए सभी मशीनों को खान एवं खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 के तहत जब्त कर सील कर दिया गया। अधिकारियों ने मशीनों पर नोटिस चस्पा कर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। इस कार्रवाई में केंद्रीय उड़नदस्ता और जिला खनिज विभाग की संयुक्त टीम शामिल रही। प्रदेशभर में अवैध खनन के खिलाफ सख्त निगरानी और कार्रवाई जारी है, ताकि ऐसी गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।