नॉर्वे चेस 2026: मैग्नस कार्लसन की धमाकेदार जीत, भारतीय दिग्गजों गुकेश और दिव्या को मिली शिकस्त

Follow Us

ओस्लो। नॉर्वे चेस 2026 का छठा राउंड बेहद रोमांचक और उतार-चढ़ाव से भरा रहा, जहां दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन ने अपनी बादशाहत साबित की, वहीं भारतीय खेमे को मायूसी हाथ लगी। पुरुष वर्ग में कार्लसन ने सफेद मोहरों से खेलते हुए टूर्नामेंट के लीडर अलीरेजा फिरोजा को शिकस्त देकर बड़ी जीत दर्ज की। पूरे मैच में दबदबा बनाए रखते हुए कार्लसन ने फिरोजा को टूर्नामेंट की पहली क्लासिकल हार का स्वाद चखाया। इस जीत से खिताब की रेस और रोमांचक हो गई है।

दूसरी ओर, भारतीय प्रशंसकों के लिए यह राउंड अच्छा नहीं रहा। मौजूदा विश्व चैंपियन डी गुकेश को जर्मनी के विंसेंट कीमर के हाथों हार का सामना करना पड़ा, जो शुरुआत से ही गुकेश पर हावी रहे। वहीं, भारत के युवा ग्रैंडमास्टर प्रज्ञानंदा भी वेस्ली सो के खिलाफ एक लंबे संघर्ष के बाद एंडगेम में चूक गए और वेस्ली ने पूरे तीन अंक हासिल कर अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया।

महिला वर्ग में भी भारत को झटका लगा, जहां मौजूदा विश्व चैंपियन जू वेनजुन ने धैर्यपूर्ण खेल दिखाते हुए भारत की दिव्या देशमुख को हराकर दिन की एकमात्र क्लासिकल जीत दर्ज की। हालांकि, इस हार के बावजूद दिव्या देशमुख 8.5 अंकों के साथ तालिका में दूसरे स्थान पर बनी हुई हैं। महिला वर्ग में बिबिसारा असौबायेवा आर्मागेडन मुकाबले में जीत हासिल कर 9.5 अंकों के साथ शीर्ष पर पहुंच गई हैं। एक अन्य मुकाबले में एना मुजिचुक और झू जिनर का क्लासिकल गेम ड्रॉ रहने के बाद आर्मागेडन में झू जिनर ने बाजी मारी।