बिलासपुर। लगातार बिजली कटौती और लंबे समय तक आपूर्ति बाधित रहने की शिकायतों को लेकर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने बिलासपुर में बिजली विभाग के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। शहर में 12–12 घंटे और कई बार 24 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने से आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार, मंत्री ने बिजली विभाग के अधिकारियों को अपने निवास पर तलब कर स्थिति पर सीधा सवाल किया। अधिकारियों ने मरम्मत कार्यों में करीब 50 लाख रुपये खर्च का हवाला दिया, जिस पर मंत्री ने पूरे खर्च और मेंटेनेंस का विस्तृत हिसाब मांगा। उन्होंने यह भी पूछा कि ट्रांसफार्मरों पर ओवरलोड की स्थिति, मरम्मत कार्यों और सुधार उपायों की पूरी जानकारी दी जाए। मंत्री ने नाराजगी जताते हुए कहा कि बार-बार ट्रांसफार्मर में आग लगने की घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन विभाग की ओर से पर्याप्त तैयारी नहीं की गई है। बैठक के दौरान मंत्री ने यह भी कहा कि यदि स्थिति में सुधार नहीं होता है तो वे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से इस मामले पर चर्चा करेंगे। उन्होंने सर्विस सेंटरों पर जनता की शिकायतें न सुने जाने पर भी नाराजगी जताई और तुरंत सुधार के निर्देश दिए।
