नई दिल्ली। पाकिस्तानी सोशल मीडिया हैंडल्स द्वारा भारतीय थल सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी को लेकर फैलाया जा रहा एक बड़ा और खतरनाक झूठ बेनकाब हो गया है। इंटरनेट पर एक वीडियो तेजी से वायरल किया जा रहा है, जिसमें दावा किया गया है कि सेना प्रमुख ने भारत और तालिबान के संबंधों को लेकर कोई बड़ा बयान दिया है। हालांकि, प्रेस सूचना ब्यूरो (PIB) की फैक्ट चेक टीम ने इस दावे की गहन जांच के बाद इसे पूरी तरह झूठा, मनगढ़ंत और भ्रामक करार दिया है। फैक्ट चेक में स्पष्ट हुआ है कि जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने ऐसा कोई भी बयान नहीं दिया है, बल्कि असली वीडियो के साथ डिजिटल रूप से छेड़छाड़ (एडिटिंग) कर इसे तैयार किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, यह घिनौनी हरकत भारत विरोधी दुष्प्रचार अभियान का हिस्सा है, जिसका मकसद भारतीय सेना और देश के शीर्ष सरकारी संस्थानों के प्रति भ्रम व अविश्वास पैदा करना है।
आजकल डीपफेक और एआई (AI) तकनीक के जरिए ऐसे भ्रामक वीडियो बनाना आसान हो गया है। यह पहली बार नहीं है जब पाकिस्तान ने ऐसी साजिश रची हो; इससे पहले एक पाकिस्तानी हैंडल ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का भी एक फर्जी वीडियो फैलाकर दावा किया था कि भारत बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी का समर्थन करता है, जो कि पूरी तरह निराधार साबित हुआ था। पीआईबी ने देश के नागरिकों से अपील की है कि वे राष्ट्रीय सुरक्षा और सेना से जुड़े किसी भी संवेदनशील वीडियो या फोटो को बिना जांचे सोशल मीडिया पर शेयर न करें। किसी भी संदिग्ध सामग्री की शिकायत नागरिक पीआईबी के आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर +91 8799711259 पर कर सकते हैं।
