रायपुर। छत्तीसगढ़ में नगरीय निकायों और त्रि-स्तरीय पंचायतों के आम व उपचुनाव के लिए सोमवार सुबह से मतदान शुरू हो गया है। राज्य निर्वाचन आयोग की देखरेख में प्रदेशभर के मतदान केंद्रों पर मतदाता उत्साह के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। इस चुनाव में कुल 1,310 रिक्त पदों के लिए मुकाबला हो रहा है, जबकि मतगणना 4 जून को होगी और उसी दिन परिणाम भी घोषित किए जाएंगे। निर्वाचन आयोग के अनुसार नगर पालिका परिषद अध्यक्ष के 5, पार्षद के 77, जनपद पंचायत सदस्य के 10, सरपंच के 82 और पंच के 1,136 पदों के लिए मतदान कराया जा रहा है। नगरीय निकाय क्षेत्रों में 31,928 और पंचायत क्षेत्रों में 1,02,797 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। शहरी क्षेत्रों में मतदान सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक और पंचायतों में सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित किया गया है।
कबीरधाम जिले की नगर पंचायत सहसपुर लोहारा में अध्यक्ष पद का उपचुनाव सबसे रोचक माना जा रहा है। यहां भाजपा, कांग्रेस और एक मजबूत निर्दलीय उम्मीदवार समेत छह प्रत्याशी मैदान में हैं। कुल 5,142 मतदाता अध्यक्ष पद के लिए अपना फैसला सुनाएंगे। वहीं सूरजपुर जिले की शिवनंदनपुर नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के साथ 15 वार्डों में पार्षद चुनाव भी हो रहा है। दूसरी ओर बिलासपुर के वार्ड क्रमांक 29 संजयनगर में पार्षद उपचुनाव में भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच सीधा मुकाबला देखने को मिल रहा है। प्रदेशभर में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी है। अब सभी की नजरें 4 जून पर टिकी हैं, जब मतपेटियों से निकला जनादेश नए जनप्रतिनिधियों की तस्वीर साफ करेगा।
