चारधाम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब: भीषण गर्मी और छुट्टियों के चलते बदरीनाथ-केदारनाथ रूट पर लगा 13 कि.मी लंबा जाम

Follow Us

देहरादून। उत्तराखंड में चल रही पवित्र चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की रिकॉर्डतोड़ भीड़ उमड़ने से पर्वतीय क्षेत्रों में स्थिति बेहद चुनौतीपूर्ण हो गई है। उत्तर और मध्य भारत के मैदानी इलाकों में पड़ रही भीषण गर्मी (जहां पारा 40 से 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है) और स्कूलों में छुट्टियां होने के कारण लोग सपरिवार पहाड़ों का रुख कर रहे हैं। इस अप्रत्याशित भीड़ की वजह से केदारनाथ और बदरीनाथ दोनों ही यात्रा रूटों पर गाड़ियों का चक्का पूरी तरह जाम हो गया है।

जोशीमठ से लेकर बदरीनाथ हाईवे पर वाहनों की कई किलोमीटर लंबी कतारें देखी जा रही हैं, जहां गाड़ियां रेंगने को मजबूर हैं। स्थानीय प्रशासन द्वारा भीड़ और ट्रैफिक को नियंत्रित करने के लिए लगाए गए ‘गेट सिस्टम’ के कारण गाड़ियों की कतारें और ज्यादा लंबी हो गई हैं। स्थिति यह है कि, जोशीमठ से बद्रीनाथ धाम की तरफ लगभग 6 किलोमीटर और जोशीमठ से ऋषिकेश की तरफ हेलंग तक करीब 7 किलोमीटर तक वाहनों की कतार लगी है। इस तरह कुल 13 किलोमीटर लंबे महाजाम में हजारों श्रद्धालु घंटों फंसे रहने को मजबूर हैं।

जाम की यह भयावह स्थिति सिर्फ मुख्य हाईवे तक ही सीमित नहीं है, बल्कि केदारनाथ यात्रा के पैदल मार्ग पर भी भारी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने से पैदल चलने वालों का भी जाम लग गया है। मैदानी इलाकों की जानलेवा लू से बचने और ठंडी वादियों में दर्शन करने की चाह में पहुंचे तीर्थयात्रियों की इस भारी आमद के सामने पर्वतीय मार्गों की क्षमता कम पड़ गई है, जिससे स्थानीय प्रशासन को ट्रैफिक व्यवस्था संभालने में भारी मशक्कत करनी पड़ रही है।