पत्नी के प्रेम संबंध से नाराज हेडमास्टर ने बेटे संग की युवक की हत्या, गला घोंटकर उतारा मौत के घाट

Follow Us

बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर के सकरी थाना क्षेत्र में अवैध संबंधों के शक में हुई हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पत्नी के कथित प्रेमी को समझाने के बहाने घर बुलाकर हेडमास्टर ने अपने बेटे के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, मुंगेली निवासी शिव कामले कबीरधाम जिले के सिंगारपुर मिडिल स्कूल में प्रधान पाठक के पद पर पदस्थ हैं। वह हाल ही में अपने परिवार के साथ सकरी के सैदा स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में रह रहे थे। पुलिस जांच में सामने आया है कि शिव कामले की पत्नी रीना कामले की पहचान करीब दो वर्ष पहले अपनी बहन की शादी के दौरान लोरमी क्षेत्र के राम्हेपुर निवासी दावेंद्र कुमार बघेल से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं। करीब एक माह पहले शिव कामले को इस संबंध की जानकारी मिली थी। उन्होंने पत्नी को दावेंद्र से दूरी बनाने की चेतावनी दी थी और उसका सिम कार्ड भी तोड़ दिया था। बताया जा रहा है कि 30 मई की दोपहर दावेंद्र रीना को नया सिम देने उसके घर पहुंचा था। इसी दौरान शिव कामले ने उसे देख लिया और बातचीत के लिए घर बुला लिया। घर में दावेंद्र को रीना से दूर रहने की समझाइश दी गई, लेकिन बात विवाद तक पहुंच गई। आरोप है कि गुस्से में आकर शिव कामले और उसके बेटे ने प्लास्टिक की सुतली और मोबाइल के केबल तार से दावेंद्र का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना से घबराई रीना कामले सीधे सकरी थाने पहुंची और पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो दावेंद्र मृत अवस्था में मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।