महिला गिरफ्तार, सोने के आभूषण गिरवी मामले में पुलिस की कार्रवाई

Follow Us

जगदलपुर। सोने के आभूषण गिरवी रखकर रकम हड़पने के मामले में कोतवाली पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला पर पीड़ित के सोने के झुमके गिरवी रखकर करीब 1.50 लाख रुपए का गबन करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, साल 2024 में प्रार्थी की बेटी की तबीयत खराब होने के कारण उसे पैसों की जरूरत थी। इसी दौरान उसने सोने के झुमके की कीमत का आकलन कराने और बिक्री के लिए सूरज नागवानी को झुमके दिए थे। आरोप है कि सूरज नागवानी ने अपनी मां नीतू नागवानी के साथ मिलकर झुमकों को किसी अन्य व्यक्ति के पास गिरवी रख दिया और प्राप्त रकम का स्वयं उपयोग कर लिया।

पीड़ित बार-बार झुमके या रकम वापस मांगने पर आरोपी पक्ष टालमटोल करता रहा। मामले की शिकायत मिलने पर कोतवाली पुलिस ने जांच शुरू की। पूछताछ के दौरान आरोपी महिला नीतू नागवानी ने सोने के झुमकों के संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं दी और विवेचना में सहयोग भी नहीं किया। पुलिस ने बताया कि, साक्ष्य छिपाने और जांच में सहयोग नहीं करने के कारण नीतू नागवानी (45), निवासी मोती तालाब पारा, जगदलपुर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया।