जशपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में चल रहे सुशासन तिहार 2026 के तहत मनोरा विकासखंड की ग्राम पंचायत टेम्पू में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में आसपास की 13 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर अपनी समस्याओं और मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त किया। कार्यक्रम में जशपुर विधायक रायमुनी भगत ने मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर विभिन्न विभागों द्वारा चयनित हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ वितरित किया। इस दौरान विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
शिविर में विभिन्न विभागों से जुड़े कुल 534 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि शेष आवेदनों के त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 5 हितग्राहियों को आवास की चाबी सौंपी। वहीं कृषि विभाग द्वारा किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड वितरित किए गए। स्कूल शिक्षा विभाग ने विद्यार्थियों को जाति प्रमाण पत्र प्रदान किए तथा बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। उद्यानिकी विभाग ने फलदार पौधों का वितरण किया, जबकि वन विभाग ने पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से पौधरोपण के लिए पौधे उपलब्ध कराए। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। साथ ही मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से जुड़ी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही।जनप्रतिनिधियों ने कहा कि सुशासन तिहार शासन और जनता के बीच संवाद को मजबूत करने के साथ-साथ योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
