दूध मांगने पर 4 साल के बेटे की पीट-पीटकर हत्या, पिता गिरफ्तार

Follow Us

मुंबई। मुंबई के पवई इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पिता पर अपने चार वर्षीय बेटे की कथित तौर पर बेरहमी से पिटाई कर हत्या करने का आरोप लगा है। मृतक बच्चे की पहचान यश के रूप में हुई है, जो एक स्पेशल चाइल्ड था और परिवार का इकलौता बेटा था। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी पिता राजेश सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, घटना गुरुवार तड़के गौतमनगर इलाके में हुई। उस समय घर में केवल पिता और बेटा मौजूद थे, जबकि बच्चे की मां पिछले करीब दो सप्ताह से अपने मायके गई हुई थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बच्चा दूध मांग रहा था और उसके रोने पर पिता नाराज हो गया। आरोप है कि गुस्से में उसने बच्चे की पिटाई की, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।

बच्चे की हालत बिगड़ने के बाद भी समय पर मदद नहीं मिल सकी और उसकी मौत हो गई। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सिर पर गंभीर चोट और फ्रैक्चर की पुष्टि हुई है। रिपोर्ट के अनुसार, सिर में लगी घातक चोटें ही मौत का कारण बनीं। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी शराब का आदी था और कोई स्थायी रोजगार नहीं करता था। घटना के बाद वह अपनी बहन के घर पहुंचा और पूरी बात बताई। जानकारी मिलते ही उसकी बहन घटनास्थल पर पहुंची और हालात देखकर पुलिस को सूचना दी। शिकायत दर्ज होने के बाद पवई पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर अदालत में पेश किया, जहां उसे 1 जून तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। इस घटना ने एक बार फिर बच्चों की सुरक्षा, घरेलू हिंसा और नशे की लत से जुड़े गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मासूम यश की मौत से पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।