राजकोट। गुजरात के राजकोट में एक महिला की हत्या के मामले में क्राइम ब्रांच ने आरोपी पति को जूनागढ़ के वंथली टोल नाके के पास से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी अल्ताफ लालानी ने कथित तौर पर अपनी पत्नी शिल्पा की हथौड़े से वार कर हत्या कर दी थी। घटना रैया टेलीफोन एक्सचेंज के पीछे स्थित शिवालिक बिल्डिंग की है, जहां दंपति रह रहे थे। पुलिस के अनुसार, पति-पत्नी के बीच पिछले करीब 15 दिनों से लगातार विवाद चल रहा था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 13 मई को दोनों के बीच एक मुद्दे को लेकर कहासुनी हुई थी, जिसके बाद घर में अक्सर झगड़े होने लगे। शनिवार सुबह विवाद और बढ़ गया, जिसके बाद आरोपी गुस्से में घर पहुंचा और पत्नी पर हथौड़े से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया था। सूचना मिलते ही पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गईं और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसकी लोकेशन ट्रेस की गई। इसके बाद क्राइम ब्रांच ने उसे जूनागढ़ जिले के वंथली क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। राजकोट एसीपी क्राइम भरत बसिया ने बताया कि आरोपी को स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया गया है और उससे आगे की पूछताछ की जा रही है। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पहले से दो आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस हत्या के पीछे की परिस्थितियों और अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
मृतका अपने पीछे एक बेटा और एक बेटी छोड़ गई है, जो पढ़ाई के सिलसिले में शहर से बाहर रहते हैं। आरोपी अल्ताफ स्थानीय स्तर पर किराना दुकान का संचालन करता था। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
