दिल्ली के शालीमार बाग में सुबह 4 बजे से गरजा बुलडोजर, सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर जमींदोज हुए 150 से ज्यादा घर

Follow Us

नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली के शालीमार बाग (शालीमार गांव) में भारी सुरक्षा के बीच सुबह 4 बजे से ही बड़े पैमाने पर डिमोलिशन की कार्रवाई जारी है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद मैक्स हॉस्पिटल रोड पर सड़क चौड़ीकरण के रास्ते में आ रहे 150 से अधिक अवैध निर्माणों को बुलडोजर से जमींदोज किया जा रहा है। इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य आउटर रिंग रोड से आजादपुर मंडी की ओर जाने वाली सड़क को संजय गांधी ट्रांसपोर्ट नगर से सीधे जोड़ना है। कार्रवाई के चलते पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और सुरक्षा के मद्देनजर भारी पुलिस व अर्धसैनिक बल तैनात कर पूरे क्षेत्र को छावनी में तब्दील कर दिया गया है।

प्रशासन द्वारा मकान मालिकों को 30 मई 2026 तक घर खाली करने का अल्टीमेटम दिया गया था। इसके खिलाफ लोग हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट भी गए, लेकिन अदालत से उन्हें कोई राहत नहीं मिली। अब प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई और भारी नुकसान से बचने के लिए स्थानीय लोग खुद ही हथौड़े और छेनी लेकर अपनी दुकानों के छज्जे और पक्के निर्माणों को तोड़ने में जुट गए हैं, ताकि वे अपना कीमती सामान सुरक्षित निकाल सकें और आर्थिक नुकसान को कम से कम किया जा सके।