NEET पेपर लीक पर राहुल गांधी ने किया पीएम मोदी से तीखा सवाल: ‘एग्जाम माफिया’ के आगे बेबस क्यों है सरकार

Follow Us

नई दिल्ली। नीट (NEET) परीक्षा रद्द होने के बाद देश का सियासी पारा गरमा गया है। सीबीआई (CBI) की ताबड़तोड़ कार्रवाई के बीच, कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सीधा हमला बोला है। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साल 2024 और 2026 के पेपर लीक मामलों की कड़ियों को जोड़ते हुए सरकार की मंशा और व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

राहुल गांधी ने कहा कि, साल 2024 में भारी हंगामे के बावजूद परीक्षा रद्द नहीं हुई और शिक्षा मंत्री ने इस्तीफा देने के बजाय मामले को शांत करने के लिए सीबीआई जांच सौंप दी। ठीक दो साल बाद, 2026 में फिर से पेपर लीक हो गया, जहां चौतरफा दबाव में परीक्षा तो रद्द करनी पड़ी, लेकिन सरकार का रवैया वही पुराना रहा—शिक्षा मंत्री पद पर बने हुए हैं, जांच फिर सीबीआई के पास है और सुधार के नाम पर बस नई कमेटियां बनाई जा रही हैं।

इस पूरे घटनाक्रम पर राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी से तीन तीखे सवाल पूछे हैं। उन्होंने पूछा कि देश की इतनी संवेदनशील परीक्षाओं के पेपर बार-बार कैसे लीक हो जाते हैं? क्या परीक्षा कराने वाली संस्थाएं ‘एग्जाम माफिया’ के सामने घुटने टेक चुकी हैं? दूसरा, हर साल छात्रों से ‘परीक्षा पे चर्चा’ करने वाले पीएम इस महा-लीक पर चुप क्यों हैं? और तीसरा, देश की साख बचाने में नाकाम रहे शिक्षा मंत्री को अब तक बर्खास्त क्यों नहीं किया गया? वहीं, कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने भी सरकार को घेरते हुए दावा किया कि देश में अब तक अलग-अलग स्तरों पर 80 से अधिक परीक्षाओं के पेपर लीक हो चुके हैं, जिससे करोड़ों छात्रों का भविष्य अधर में लटक गया है।