जन्मदिन की खुशी बनी मातम: 17 वर्षीय किशोर की दोस्त ने चाकू मारकर हत्या, दिल्ली में सनसनी

Follow Us

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के नरेला इलाके में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां 17वें जन्मदिन की खुशियां कुछ ही घंटों में मातम में बदल गईं। किशोर की हत्या उसके ही दोस्त ने चाकू से हमला कर कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और गुस्से का माहौल है। जानकारी के अनुसार, 15 मई को 17 साल का हुआ किशोर अपने जन्मदिन की पार्टी की तैयारी कर रहा था। परिवार और दोस्तों के बीच घर में खुशी का माहौल था, लेकिन शाम होते-होते यह जश्न एक खौफनाक हादसे में बदल गया। नरेला के कुरेनी गांव में किसी बात को लेकर उसका अपने दोस्त से विवाद हो गया।

विवाद इतना बढ़ गया कि, गुस्से में आकर आरोपी ने किशोर की गर्दन पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल किशोर मौके पर ही गिर पड़ा। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर दिल्ली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने नाबालिग आरोपी को हिरासत में ले लिया है और वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है ताकि घटना के पीछे की पूरी सच्चाई सामने आ सके। फिलहाल पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है। वहीं स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर आक्रोश है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।