नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट के दिग्गज और पूर्व कप्तान विराट कोहली ने हाल ही में ‘आरसीबी पॉडकास्ट’ (RCB Podcast) में मयंती लैंगर के साथ बातचीत के दौरान टीम मैनेजमेंट और चयन व्यवस्था को लेकर एक ऐसा बयान दिया है, जिसने क्रिकेट गलियारों में हलचल मचा दी है। विराट ने बेहद कड़े शब्दों में अपने भविष्य और टीम में अपनी भूमिका को लेकर अपना रुख साफ कर दिया है। उन्होंने कहा कि उनका दृष्टिकोण पूरी तरह स्पष्ट है और वह अब ऐसे माहौल का हिस्सा बनना चाहते हैं जहाँ उन्हें अपनी काबिलियत साबित करने की बजाय, सीधे टीम की जीत में योगदान देने का मौका मिले।
विराट कोहली ने खुलकर अपनी बात रखते हुए कहा,”मेरा नज़रिया बहुत साफ है; अगर मैं उस माहौल में वैल्यू ऐड (Value Add) कर सकता हूँ जिसका मैं हिस्सा हूँ, और वह माहौल भी मुझे यह महसूस कराता है, तभी मैं वहाँ रहूँगा। लेकिन, अगर मुझे ऐसा महसूस कराया जाता है कि मुझे बार-बार अपनी काबिलियत और अपनी वैल्यू साबित करने की ज़रूरत है, तो मैं उस जगह पर नहीं रहना चाहूँगा। मैं अपनी तैयारी और खेल के प्रति हमेशा पूरी तरह ईमानदार रहा हूँ।”
2027 वर्ल्ड कप पर टिकी नजरें: एक साल पहले टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह चुके कोहली के इस बयान को सीधे तौर पर 2027 के वनडे वर्ल्ड कप की तैयारियों और मौजूदा चयनकर्ताओं की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। खेल विश्लेषकों का मानना है कि कोहली ने बिना किसी का नाम लिए सीनियर खिलाड़ियों के सम्मान और उनके रोल को लेकर बोर्ड को बड़ा संकेत दे दिया है। फिलहाल इस विस्फोटक बयान पर बीसीसीआई (BCCI) की तरफ से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
