नई दिल्ली। क्या आप भी माता-पिता बनने का सपना देख रहे हैं? आधुनिक जीवनशैली में कंसीव (गर्भधारण) न कर पाना एक बड़ी समस्या बनता जा रहा है। अक्सर लोग इसके लिए महंगे मेडिकल ट्रीटमेंट का रुख करते हैं, लेकिन सच तो यह है कि आपकी रोज़मर्रा की आदतें और लाइफस्टाइल भी फर्टिलिटी (प्रजनन क्षमता) को बढ़ाने में सबसे बड़ी भूमिका निभाती हैं।
गुड़गांव के ‘द फर्टिलाइफ’ की डायरेक्टर और मशहूर गाइनेकोलॉजिस्ट डॉ. अंशिका लेखी के अनुसार, थोड़ा सा प्रोएक्टिव होकर अपनी दिनचर्या को सुधार लिया जाए, तो माता-पिता बनने का सफर बेहद आसान हो सकता है। इसके लिए सबसे पहले अपने वजन को संतुलित रखना जरूरी है, क्योंकि बहुत कम या बहुत ज्यादा वजन होने से हार्मोनल असंतुलन हो जाता है और ओव्यूलेशन में दिक्कत आती है। इसके लिए भारी-भरकम वर्कआउट के बजाय रोज़ाना योग, पैदल चलना या तैराकी जैसी हल्की एक्सरसाइज करें, जो शरीर में ब्लड फ्लो को बढ़ाती हैं।

डाइट का इस सफर में बहुत बड़ा योगदान है; अपने भोजन में हरी सब्जियां, फल, साबुत अनाज, नट्स और ओमेगा-3 फैटी एसिड से भरपूर चीज़ें शामिल करें। वहीं फास्ट फूड, सिगरेट, शराब और कैफीन (कॉफी) से पूरी तरह दूरी बना लें, क्योंकि ये एग और स्पर्म दोनों की क्वालिटी को खराब करते हैं। इसके अलावा, आज के दौर में स्ट्रेस और खराब नींद फर्टिलिटी के सबसे बड़े दुश्मन बन चुके हैं। ज्यादा तनाव रिप्रोडक्टिव हार्मोन्स को बिगाड़ देता है, इसलिए ध्यान, मेडिटेशन और 7-8 घंटे की गहरी नींद को अपनी प्राथमिकता बनाएं। अंत में, महिलाओं के लिए अपने पीरियड्स साइकिल को ट्रैक करना बेहद जरूरी है; अगर पीरियड्स अनियमित हैं, बहुत दर्द होता है या चेहरे पर अनचाहे बाल आ रहे हैं, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। लाइफस्टाइल में किए गए ये छोटे बदलाव आपकी फर्टिलिटी को प्राकृतिक रूप से बूस्ट करेंगे।
