बंगाल चुनाव 2026: पहले चरण की वोटिंग में तनाव, भाजपा ने टीएमसी पर लगाए गंभीर आरोप

Follow Us

नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण के मतदान के दौरान राजनीतिक तनाव और हिंसा की घटनाएं सामने आ रही हैं। गुरुवार को 16 जिलों की 152 सीटों पर मतदान जारी रहा, जहां मतदाताओं का उत्साह भी देखने को मिला, लेकिन कई जगहों पर माहौल तनावपूर्ण रहा। इस बीच भारतीय जनता पार्टी ने आरोप लगाया है कि, उनके नेताओं को लगातार निशाना बनाया जा रहा है। इसी क्रम में भाजपा नेता अग्निमित्रा पॉल की कार पर हमले का दावा किया गया है, जिसे लेकर पार्टी ने सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। हालांकि, प्रशासन की ओर से इस मामले की जांच की जा रही है।

इस चरण में कुल 1,478 उम्मीदवार मैदान में हैं और लगभग 3 करोड़ 60 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। पूरे राज्य में 44,376 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें हजारों को संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है। सुरक्षा के लिए कड़े इंतजाम किए गए हैं। चुनाव आयोग के अनुसार, इस चरण में कई मॉडल बूथ और महिला संचालित मतदान केंद्र भी बनाए गए हैं ताकि मतदान प्रक्रिया को सुरक्षित और सुचारु रखा जा सके। हालांकि, कुछ स्थानों पर छिटपुट हिंसा और तनाव की घटनाएं चुनावी माहौल को प्रभावित कर रही हैं। मुख्य मुकाबला सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस और भाजपा के बीच माना जा रहा है। अगले चरण का मतदान अगले बुधवार को होगा, जिससे राज्य में चुनावी सरगर्मी और बढ़ने की संभावना है।